शीत लहर में छूठी धूजणी, बादलों ने जमाया डेरा, तन भेद रही है तूफानी हवा

शीतलहर ने गुरुवार को सूर्यनगरी को पूरी तरह से अपने आगोश में ले लिया। आसमान में छाए बादलों और तूफानी हवा तन को भेद रही है। शहर के लोगों को इस सीजन में पहली बार सही मायने में शीत लहर का अहसास हो रहा है। शीत लहर के कारण जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि मौसम कल तक साफ अवश्य हो जाएगा, लेकिन शीत लहर से फिलहाल राहत मिलने के आसार कम ही है। न्यूनतम तापमान गिरकर 5 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं अधिकतम तापमान भी 18 डिग्री पर अटका हुआ है। 



जोधपुर शहर में आज सुबह से बादलों की ओट से एक-दो बार सूरज के दर्शन अवश्य हुए, लेकिन उनका तेज आज नदारद था। ऐसे में दिन के समय सर्दी से मिलने वाली राहत भी नहीं मिल पाई। शहर में 18 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली हवा ने लोगों की हालत बिगाड़ कर रख दी है। इस सीजन की सबसे जोरदार शीतलहर का असर शहर में साफ नजर आ रहा है। सड़कों पर रोजाना के समान चहल-पहल भी नहीं है। अधिकांश लोग अपने घरों में ही दुबके हुए है। मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार तक बादल साफ हो जाएंगे और धूप निकल आएगी, लेकिन सर्दी से राहत मिलने के आसार फिलहाल कम ही है। अभी कुछ दिन सर्दी का असर बना रहेगा।