शहर के मानजी का हत्था क्षेत्र में शनिवार दोपहर दो गिरोह के बीच जमकर गोलियां चलने से सनसनी फैल गई। फाइनेंस कंपनियों के लिए वसूली करने वाले सीजर के दो गिरोह के बीच चली गोलियों से कोई घायल नहीं हुआ है। गोलियां चलने से हरकत में आई पुलिस ने पांच वाहन चिन्हित कर सघन तलाशी अभियान चलाया है।
डीसीपी धर्मेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि आज दोपहर मानजी का हत्था क्षेत्र में दो गिरोह के बीच गोलियां चलने की सूचना मिली है। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की है। प्रारम्भिक जांच में सामने आया है कि फाइनेंस कंपनियों के लिए वसूली का काम करने वाले सीजर के दो गुट के बीच आपसी विवाद में गोलियां चली है। पुलिस ने इस मामले में शामिल कुछ लोगों की पहचान कर ली है। इस मामले में दोनों गुट के लिए पांच अलग-अलग वाहनों में सवार थे। घटना के पश्चात दोनों गुट के लोग मौके से फरार हो गए। इस कारण अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि किसी के गोली लगी है या नहीं। पुलिस ने पूरे शहर में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और शीघ्र ही हम उन्हें पकड़ लेंगे।
मानजी का हत्था क्षेत्र में बड़ी संख्या में कोचिंग संस्थान है। ऐसे में वहां पर हमेशा छात्रों की चहल-पहल रहती है। आज गनीमत रही कि दोनों गुटों के बीच गोलियां चलने के समय वहां ज्यादा भीड़ नहीं होने से हादसा टल गया।
उल्लेखनीय है कि शहर में गोली चलने की घटना लगातार बढ़ती जा रही है। नव वर्ष की पूर्व संध्या पर एक हिस्ट्रीशीटर ने एक होटल के बाहर अंधाधुंध गोलियां चलाई थी। बाद में उसने पुलिस पर भी गोलायां चलाई। पुलिस ने उसे गोली मार घायल कर गिरफ्तार किया था।